अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। 19 से 25 अक्तूबर तक चलने वाले सात दिवसीय अंतरराष्ट्रीय दशहरा उत्सव में व्यापारी अब दीवाली तक अपनी दुकानें सजा सकेंगे। हालांकि पहले विरोध के चलते जिला प्रशासन ने 17 दिन का समय देने की बात कही थी। लेकिन दशहरा उत्सव समिति की बैठक में समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने फिर से 20 दिन का समय दिया है।
देशभर से आने वाले सैकड़ों व्यापारियों के लिए यह राहत की खबर है। बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने कहा कि दीवाली से पहले व्यापारियों को उठाना मुश्किल है। समिति ने दीवाली तक दुकानें चलाने की अनुमति दे दी है। दशहरा उत्सव के बाद लंबे समय तक व्यापारियों के ढालपुर मैदान में रुकने पर बार एसोसिएशन कुल्लू तथा स्थानीय व्यापार मंडल ने विरोध जताया था और तय समय के भीतर दुकानदारों को हटाने की मांग की थी। समिति ने नगर परिषद कुल्लू को आदेश दिए कि दीवाली के अगले दिन ढालपुर मैदान पूरी तरह से खाली होना चाहिए। अगर कोई दुकानदार इसका उल्लंघन करता है तो उसके सामान को जब्त किया जाए। दशहरा उत्सव समिति के अध्यक्ष गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि समिति ने प्रशासन, नगर परिषद की बातों का सुना और इसके बाद निर्णय लिया गया कि दशहरा में आने वाले दुकानदारों को दीवाली तक कारोबार करने दिया जाएगा।