मनाली (कुल्लू)। भारी बारिश से अस्त-व्यस्त पर्यटन नगरी मनाली के लोगों ने मंगलवार को मौसम खुलने से राहत की सांस ली है। कुल्लू-मनाली का संपर्क नहीं जोड़ जा सका है। यहां निगम की एक दर्जन बसें भी फंसी हैं। हालांकि कुल्लू से मंडी के बीच यातायात बहाल हो गया है। लेकिन कुल्लू घाटी से पर्यटन नगरी मनाली व जिला के ग्रामीण इलाकों को जोड़ने वाली सड़कें क्षतिग्रस्त हैं।
जिले में अभी भी कई दर्जन सड़कें बंद हैं। हालांकि मंगलवार को मौसम खुलने के बाद लोनिवि ने सड़कों को बहाल करने का कार्य शुरू कर दिया है। पर्यटन नगरी मनाली को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग के साथ वामतट रोड जगह-जगह से क्षतिग्रस्त है। हालांकि प्रशासन ने एनएच-21 और वामतट को जोड़कर आपातकालीन स्थिति में छोटे वाहनों के लिए खोलने का दावा किया है। बस सेवा बंद होने से लोगों की परेशानी कम नहीं हुई है। कई जगह रोड 20 से 300 मीटर तक बह गया है। इस बीच मनाली के कुल्लू तक ब्यास नदी पर बने करीब आधा दर्जन पुलों की हालात काफी खराब है। 23 सितंबर से मनाली में दूर संचार सेवा के ठप होने के बाद मंगलवार को बीएसएनएल, जियो व एयरटेल का नेटवर्क आया है। मनाली होटलियर एसोसिएशन के प्रधान अनपू राम ठाकुर ने बताया कि मनाली एक सुरक्षित पर्यटन स्थल है। उन्होंने कहा कि लोनिवि सड़कों को बहाल करने में जुट गया है। जल्द ही मनाली की स्थिति सामान्य हो जाएगी।
लेफ्ट बैंक से सड़क बहाल : पवन
लोक निर्माण विभाग मनाली के सहायक अभियंता पवन राणा ने बताया कि नग्गर से लेकर मनाली तक लेफ्ट बैंक से सड़कों पर गिरे पत्थरों और मलबे को उठा दिया गया है तथा यातायात को बहाल कर दिया गया है। बारिश से बंद हुए अन्य संपर्क मार्गों को खोलने का प्रयास किया जा रहा है।