अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शहर के ढालपुर चौक के पास एक मेडिकल स्टोर में रविवार रात को अचानक आग लग गई। आग से करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। इसके अलावा 90 लाख की संपत्ति को आग में जलने से बचाया गया है। देर रात को लगी आग से ढालपुर चौक व आसपास अफरातफरी का माहौल बन गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
अग्निशमन विभाग से मिली जानकारी के अनुसार ढालपुर चौक के पास रविवार आधी रात को जतिन राजपाल और संजय राजपाल के शीतल मेडिकल स्टोर में आग लग गई। आधी रात को गश्त पर जा रहे जवानों ने मेडिकल स्टोर से धुआं निकलते देखा। इसके बाद 2.52 बजे अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना दी गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची। शहर के नजदीक होने के कारण दमकल विभाग की टीम जल्दी मौके पर पहुंची। इसके बाद दमकल विभाग ने मेडिकल स्टोर से उठ रही लपटों को शांत किया और आग पर काबू पाया। इस घटना में मेडिकल स्टोर का एसी, दराज के शीशे, दवाइयां, सीलिंग आदि जल गई हैं। बताया जा रहा है कि अगर दमकल विभाग समय पर आग पर काबू नहीं पाता को बड़ा नुकसान हो सकता था। मेडिकल स्टोर के साथ लगती दुकानों व दूसरी मंजिल में पीएनबी बैंक को आग की चपेट में आने से बचाया गया।
नुकसान की रिपोर्ट तैयार की : दुर्गादास
जिला अग्निशमन अधिकारी दुर्गादास ठाकुर ने कहा कि ढालपुर चौक के पास मेडिकल स्टोर में लगी आग पर काबू पाया गया। आग से करीब 80 हजार रुपये का नुकसान हुआ, जबकि 90 लाख की संपत्ति को बचाया गया है। उन्होंने कहा कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार की गई है। शहर के बीचोंबीच दुकान में रात को लगी आग को लेकर शहर में दिनभर चर्चाओं का माहौल रहा।