बोतल रह गई ठेके... पर मचा धमाल
दीपक जंदेवा के नाम रही भुंतर मेले की तीसरी संध्या
स्थानीय कलाकारों ने भी दीं बेहतरीन प्रस्तुतियां
अमर उजाला ब्यूरो
भुंतर (कुल्लू)। जिला कुल्लू के प्रवेश द्वार भुंतर में चल रहे चार दिवसीय मेले की तीसरी सांस्कृतिक संध्या लोक कलाकार दीपक जंदेवा के नाम रही। दीपक जंदेवा ने पहाड़ी और बॉलीवुड गानों पर खूब धमाल मचाया। वहीं स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक संध्या में नगर परिषद कुल्लू के उपाध्यक्ष गोपाल कृष्ण महंत ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
सांस्कृतिक संध्या के स्टार कलाकार दीपक जंदेवा ने तू शुणे तारा लाड़िए, बड़ी दूर से आए हैं, आमा झूले, मैं जट यमला पगला दीवाना, सावन में लग गई आग, उझी रा खापरा, कभी अलविदा न कहना, ओ सुमित्रा मिलदी ऐजे, साहिबा री बीबीए, बोतल रह गई ठेके और रोहडू जाणा मेरी आमिए आदि गीत गाकर दर्शकों को खूब नचाया। दर्शकों ने दीपक के गानों पर खूब ठुमके लगाए। वहीं, सांस्कृतिक संध्या में स्थानीय कलाकारों ने भी शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। न्यू इरा मॉडर्न हाई स्कूल भुंतर के छात्रों ने जग घुमेया गीत पर डांस पेश किया। ईशा म्यूजिकल ग्रुप ने दिल दिया गल्लां, वेद म्यूजिकल ग्रुप, तानिया म्यूजिकल ग्रुप भुंतर के कलाकारों ने डांस प्रस्तुत किया। सारेगामा में पहुंचने वाली कुल्लू की पायल ठाकुर ने अपनी मधुर आवाज में तू लांग वे में लाची गीत गाकर दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। रिया म्यूजिकल ग्रुप, वैष्णवी म्यूजिकल ग्रुप, राकेश म्यूजिकल ग्रुप, एलाइंस डांसिंग एकेडमी और डी पायर्स ग्रुप कुल्लू ने कलाकारों ने डांस पेश करके वाहवाही लूटी। लोक कलाकार देव ठाकुर ने पोषा माघा री रातड़ी गीत गाया। इस दौरान नगर पंचायत प्रधान कर्ण सिंह, उप प्रधान नीना राणा, मेला समिति अध्यक्ष अजय किशोर और पार्षद ललित कुमारी आदि मौजूद रहे।