चिहिन्त जगहों में मशीनरी तैनात करने के निर्देश
उपायुक्त ने बीआरओ को दिए निर्देश, बाढ़ से सड़कें हो रही अवरुद्घ
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। प्री-मानसून तथा आपदा से निपटने की तैयारियों को लेकर जिला मुख्यालय केलांग में उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी की अध्यक्षता में बैठक का आयोजन किया गया।
उपायुक्त अश्वनी कुमार चौधरी ने जिले के सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मानसून सीजन से पहले पानी के चैनल को ठीक करें जिससे उस दौरान पानी का बहाव रुकने से किसी तरह का कोई नुकसान न हो। लाहौल-स्पीति में मानसून इतना सक्रिय नहीं रहता है लेकिन इन दिनों घाटी में लगातार बढ़ रहे तापमान के कारण ग्लेशियर व बर्फ पिघलने से कई जगह भू-स्खलन और सड़कें अवरुद्घ हो रही हैं। ऐसे में उन्होंनेे लोक निर्माण विभाग तथा सीमा सड़क संगठन को निर्देश दिए कि नालों में पानी बढ़ने से अवरुद्ध होने वाले सड़कों की जगह को चिहिन्त कर इन स्थानों के आस-पास मशीनें तैनात रखें जिससे इन दिनों घाटी आने व लेह-लद्दाख जाने वाले पर्यटकों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने के निर्देश भी दिए। ग्राम स्तर पर आपदा प्रबंधन कमेटी व विभागीय स्तर पर कमेटी पुन: गठित कर सूचिबद्घ करने के निर्देश दिए जिससे किसी भी आपदा के दौरान सभी की मदद से प्रभावितों की मदद की जा सके। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के कंसनटेंट प्रशांत ने बैठक में आपदा से निपटने को लेकर विस्तार से जानकारी दी।