तीन कोठी की टील पंचायत में पेयजल संकट
पांच माह से पानी की समस्या से जूझ रहे सैकड़ों ग्रामीण
मीलों दूर से पानी की ढुलाई करने के लिए हैं मजबूर
अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। उपमंडल बंजार की तीन कोठी स्थित टील पंचायत में छह माह से पानी की किल्लत चल रही है। ग्रामीणों को पानी के लिए काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। आईपीएच की पेयजल स्कीम बंद होने से लोगों को कई किलोमीटर दूर से पानी ढोना पड़ रहा है।
हालांकि ग्रामीणों की शिकायत के बाद आईपीएच के सहायक अभियंता मौके पर पहुंचे थेेे, लेकिन उनके आश्वासन के बाद भी सप्लाई बहाल नहीं हुई है। टील पंचायत की टील, खमाड़ा, बछूट, नगेड़ा, गाड़ा, छुनार, बारनाल, कुलाड़ा के सैकड़ों लोग परेशान हैं। ग्रामीण एडवोकेट तेजा ठाकुर, पंचायत प्रधान प्रेम भारती, मेहर चंद, तोता राम, केहर सिंह, दूले राम, महेंद्र सिंह, जय प्रकाश, पूर्व उपप्रधान तेज सिंह, भीष्म, हितेश ठाकुर, रमेश तथा वार्ड सदस्य तेज राम ने कहा कि पंचायत के ग्रामीण अलवाह और जीरो प्वाइंट से पानी मीलों दूर का सफर कर पीठ पर पानी ढोने को मजबूर हैं। परिवार के एक सदस्य की रोजाना पानी ढोने के लिए ड्यूटी लगानी पड़ रही है। पांच माह से चल रही इस समस्या का आईपीएच विभाग ने कोई भी समाधान नहीं किया है। उन्होंने विभाग को चेतावनी दी है कि अगर एक सप्ताह के भीतर पानी की सुविधा उपलब्ध नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतर जाएंगे। उधर, आईपीएच शमशी के अधिशाषी अभियंता बृज भूषण गोयल ने कहा कि पंचायत के गांवों को उठाऊ पेयजल स्कीम से जोड़ा गया है लेकिन बिजली की कम वोल्टेज से यहां मोटर बार-बार बंद हो रही है। ऐसे में अब ट्रांसफार्मर को अपग्रेड किया जा रहा है।