कुल्लू। अब दो जिलों को जोड़ने वाली मियाच-बालू सड़क के बनने की आस पूरी होती नजर आ रही है। जिससे जिला कुल्लू की रघुपुर घाटी अब मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के गृह क्षेत्र से जुड़ेगी। घाटी के लोगों को जय राम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने से जिला कुल्लू के सीमांत लगते मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाले मियाच से बालू सड़क के बीच सड़क निर्माण की मांग सालों से चल रही है लेकिन बजट के अभाव से यह सड़क पिछले एक दशक से सिरे नहीं चढ़ सकी है।
मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर के क्षेत्र मियाच तथा जिला कुल्लू की रघुपुर घाटी के बालू के लिए सड़क निर्माण से लोगों का जिला मुख्यालय कुल्लू पहुंचना आसान होगा। खास कर सर्दी व बरसात के दिनों जलोड़ी दर्रा के चार से पांच महीने तक वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अलावा दोनों जिलों के रिश्ते भी और गहरे होंगे।
स्थानीय निवासी टेक सिंह ठाकुर, भीम सिंह, फनौटी पंचायत के उपप्रधान ध्यान सिंह ठाकुर करशैईगाड़ के पूर्व प्रधान फौजी लाल शर्मा, प्रधान टेक चंद, उपप्रधान कौंर सिंह, पूर्व प्रधान शिव राज शर्मा, हीरा लाल, दया राम ठाकुर, मोहर सिंह ठाकुर तथा गोविंद सिंह ठाकुर ने कहा कि मियाच से बालू के बीच सड़क का निर्माण से दोनों जिलों के रिश्तों में मिठास आएगी। जलोड़ी दर्रा के बंद होने से घाटी के लोग बालू-मियाच सड़क से वाया गाड़ागुशैणी व बंजार होकर जिला मुख्यालय पहुंच सकते हैं। जबकि इस दौरान लोगों को मीलो दूर वाया करसोग व शिमला होकर कुल्लू पहुंचना पड़ रहा है। जय राम ठाकुर के मुख्यमंत्री बनने से अब लोगों में उपरोक्त सड़क के निर्माण की उम्मीद जगी है।