मौसम साफ रहने तक यातायात
को बहाल रहेगा रोहतांग दर्रा
पेट्रोल, डीजल और मिट्टी तेल के टैंकर लाहौल पहुंचे
दर्रा होकर इमरजेंसी वाले मामलों को भेज रहे : एसडीएम
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। मौसम खुले रहने तक रोहतांग दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। ऐसे में रोहतांग दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही से यात्रियों को राहत मिली है। प्रशासन का दावा है कि केवल इमरजेंसी वाले मामलों को ही रोहतांग दर्रा होकर भेजा जा रहा है। रोजाना सड़क की हालत का भी जायजा लिया जा रहा है। सुरक्षा समेत सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए ही आवाजाही की जा रही है।
सोमवार को लाहौल से मनाली और मनाली से लाहौल के लिए छोटे और बड़े वाहनों की आवाजाही हुई। जनता को बड़ी राहत देते हुए जिला प्रशासन ने कोकसर रेस्क्यू टीम की मदद से पेट्रोल, डीजल और मिटटी तेल से भरे पांच टैंकरों को घाटी पहुंचाया। रविवार को एसडीएम केलांग कुलबीर सिंह राणा ने मनाली-केलांग सड़क का जायजा लिया था। जबकि रेस्क्यू टीम कोकसर के सदस्यों ने कड़ाके की ठंड के बीच स्किड वाले स्थानों में बर्फ हटाने के साथ वहां पर मिट्टी बिछाई।
टीम के सदस्य शमशेर सिंह ने बताया कि सोमवार को लाहौल आलू उत्पादक संघ के ईंधन से भरे पांच टैंकर लेकर देर शाम कोकसर पहुंचे हैं। जिसमें दो-दो टैंकर पेट्रोल, डीजल तथा एक टैंकर में मिट्टी तेल भरा है। ईंधन की आपूर्ति होने से अब घाटी के भीतर लोगों को वाहन चलानेे के लिए पेट्रोल उपलब्ध हो पाएगा। वहीं इस संबंध में एसडीएम केलांग कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि सोमवार को करीब 55 वाहनों ने रोहतांग दर्रा आर-पार किया है। मौसम साफ रहा तो आने वाले दिनों में भी रोहतांग दर्रा होकर वाहनों की आवाजाही जारी रहेगी। उन्होंने वाहन चालकों से इस दौरान एहतियात बरतने की अपील की है। उधर, घाटी के जनप्रतिनिधियों ने रोहतांग दर्रा फिर बहाल करने के लिए जिला प्रशासन, बीआरओ ओर रेस्क्यू टीम का आभार जताया है।