अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। शहर की जनता को साफ और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से लगाए गए वाटर एटीएम महज शोपीस बनकर रह गए हैं। शहर के अलग-अलग वार्डों में लगाए गए करीब 10 वाटर एटीएम में पानी की बूंद भी नहीं टपक रही है। इन दस वाटर एटीएम पर करीब 40 लाख की राशि खर्च की गई है।
ढालपुर टैक्सी स्टैंड वाले वाटर एटीएम को छोड़कर बाकी सभी वाटर एटीएम सूखे पड़े हैं। ऐसे में कुल्लू शहर की जनता अपने आपको ठगा हुआ महसूस कर रही है। शहरी विकास मंत्रालय की अमृत योजना के तहत जिला मुख्यालय में वाटर एटीएम स्थापित किए गए थे। 13 अक्तूबर 2018 को सांसद रामस्वरूप शर्मा ने वाटर एटीएम का शुभारंभ कर जनता को साफ व स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने की हामी भरी थी। लेकिन वाटर एटीएम अभी तक बंद पड़े हैं। शहर में वाटर एटीएम चर्चा का विषय बने हुए हैं। लोकसभा चुनाव के दौरान यह मुद्दा बन रहा है। कुल्लू शहर की जनता प्रत्याशियों से वाटर एटीएम का हिसाब मांगेगी। गौर रहे कि वाटर एटीएम में एक रुपये में एक लीटर पानी मिलना था। एक रुपये का सिक्का डालने पर लोगों को एक लीटर स्वच्छ पानी मिलना था। लेकिन यह योजना सिरे नहीं चढ़ पाई। एक वाटर एटीएम के निर्माण पर चार लाख का खर्चा आया हुआ है। लेकिन लाखों खर्च करने के बावजूद वाटर एटीएम बंद रहना लोगों को रास नहीं आ रहा है। ऐसे में पर्यटन स्थलों पर वाटर एटीएम पर सवाल उठ रहे हैं।
रुपये की बरबादी
कुल्लू ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष उत्तम शर्मा ने कहा कि वाटर एटीएम सरकार के रुपये की बरबादी है। जनता को वाटर एटीएम की सुविधा मिलनी चाहिए थी। लेकिन इसमेें सरकार नाकाम रही।
भाजपा जिलाध्यक्ष भीमसेन शर्मा
वाटर एटीएम को लेकर नगर परिषद से बात हुई है। इसमें कुछ तकनीकी कमियों बताई जा रही है। अमृत योजना के तहत शहर में और भी विकास कार्य किए जाने हैं।
लापरवाही हो रही साबित
शीशामाटी में रहने वाले धनराज ने कहा कि लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद वाटर एटीएम से पानी नहीं आ रहा है। इससे सरकार की लापरवाही साबित हो रही है।
सात माह से पड़े हैं बंद
साहिल शर्मा ने कहा कि वाटर एटीएम लोगों की सुविधा के लिए लगाए गए थे। सात माह से ये बंद रहना कई सवाल खड़े करता है। शहर की जनता में इसको लेकर रोष है।
सिरे नही चढ़ी योजना
हरी सिंह ने कहा कि वाटर एटीएम शोपीस बने हुए हैं। कुल्लू शहर की जनता ठगा हुआ महसूस कर रही है। एक रुपये में एक लीटर साफ पानी मिलने की योजना सिरे नहीं चढ़ी।
कोई नहीं ले रहा सुध
यशवंत कपूर ने कहा कि अगर वाटर एटीएम से पानी से मुहैया नहीं करवाना था तो सांसद को इनका उद्घाटन ही नहीं करना चाहिए था। अब वाटर एटीएम की कोई सुध नहीं ले रहा है।