अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला में दो दिन पहले हुई बर्फबारी सेब पौधों के लिए संजीवनी साबित हुई है। पिछले 15 दिनों में दो बार बर्फ सेब बेल्ट तक पहुंची है, जबकि जिला के कुछ इलाकों में तो अच्छी बर्फबारी हुई है। ऐसे में अब घाटी के बागवानों को अगली अच्छी फसल होने की उम्मीद जगी है।
बागवानी विशेषज्ञों का मानना है कि कुल्लू जिला में बर्फबारी का आगामी फसल पर सकारात्मक असर देखने को मिलेगा। बारिश व बर्फबारी के बाद सेब बगीचों में पर्याप्त नमी हो गई है। ऐसे में बागवानों ने सेब बगीचों में नए पौधे लगाने भी शुरू कर दिए हैं। बागवान सेब, प्लम, अनार, खुमानी आदि के पौधे बगीचों में लगा रहे हैं। इसके लिए विभिन्न नर्सरी से पौधे खरीदे जा रहे हैं।
बागवान रोशन लाल, सूरजमणि, दौलत राम राणा, प्रवीण शर्मा, अमर सिंह, सुंदर लाल, घनश्याम और चमन ठाकुर ने कहा है कि पिछले साल बागवान बर्फबारी के लिए तरस गए थे। कई पौधे सूखे के चलते सूख गए थे। लेकिन इस बार आशा के अनुरूप बर्फबारी व बारिश हो रही है। इससे आगामी सेब फसल अच्छी होगी। उन्होंने कहा कि सेब के पेड़ों पर बर्फ गिरने से वे बीमारियों से बच जाते हैं। बागवानों को इसका लाभ मिलता है। बगीचों में इन दिनों नए पेड़ लगाने का काम भी जोरों से चल रहा है। बागवान अपनी पसंद के सेब, प्लम, अनार आदि के पेड़ों को बगीचों में लगा रहे हैं। बागवानी विभाग के विषयवाद विशेषज्ञ उत्तम पराशर ने कहा कि बारिश व बर्फबारी बागवानों के लिए लाभकारी साबित होगी।