अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सारी भेखली में रविवार को सालाना समारोह का आयोजन किया गया। इसमें वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर बतौर मुख्यातिथि शामिल हुए और स्कूल के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। कार्यक्रम में जमा दो की लक्ष्मी को श्रेष्ठ छात्रा और तिलक राज को श्रेष्ठ छात्र चुना गया। समारोह में स्थानीय निवासी जींद राम बतौर वशिष्ठ अतिथि शामिल हुए।
छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से वाहवाही लूटी। उन्होंने कहा कि आज का युवा नशे की चपेट में आ रहा है। सभी को मिलकर नशे से लड़ना होगा। स्कूल की प्रिंसिपल छेतन डोलमा ने मुख्यातिथि के समक्ष स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत की। छात्र समीर, दीनदयाल एंड पार्टी ने मोबाइल के दुष्प्रभाव पर मूक अभिनय प्रस्तुत किया। गुंजन और सखियों ने गुजराती गीतों पर नृत्य प्र्रस्तुत किया। प्राथमिक पाठशाला के बच्चों ने नाटी डाल कर समारोह में समा बांधा। सतीश, लक्ष्मी, उमेश, सोनी और पार्टी ने कुल्लवी नाटी डाल कर मन मोहा। मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर ने मेधावी विद्यार्थियों को इनाम देकर नवाजा। उन्होंने बताया कि सारी-भेखली स्कूल के भवन के लिए 77 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसका कार्य जल्द ही पूरा किया जाएगा। स्कूल की चारदीवारी व मैदान के लिए भी 10 लाख रुपये का प्रावधान किया जाएगा। उन्होंने नाथ संप्रदाय के सामुदायिक भवन और गांव बलौहणी में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा की। वन मंत्री ने धरमोट के सामुदायिक भवन के लिए तीन लाख और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले छात्रों को 20 हजार रुपये देने का एलान भी किया। वन मंत्री ने स्कूल के लिए जमीन देने वाले जगदेव चंद को सम्मानित किया। जिला परिषद व राज्य महिला आयोग की सदस्य मंजरी नेगी, पंचायत प्रधान परमानंद ठाकुर, वरिष्ठ प्रवक्ता लेखराज ठाकुर और जोगिंद्र ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को संबोधित किया। विशिष्ट अतिथि जिंदू राम नेगी ने स्कूल की विभिन्न गतिविधियों के लिए 5100 रुपये दिए। समारोह में उच्च शिक्षा उपनिदेशक जगदीश, एसएमसी अध्यक्ष राम लाल शर्मा, बुध राम शर्मा, अक्षय भटनागर, राज भाटिया और अन्य मौजूद रहे।
इन मेधावियों को किया पुरस्कृत
प्रिया शर्मा को दसवीं में पहले स्थान पर रहने के लिए प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। इसके अलावा हिमेश, हीरा लाल, महिमा, यशिका, दीक्षा, हेम सिंह, मदन, रीता, जयदेइ, दिशा, गीता, रजनीश, सुमन लता, लक्ष्मी और मनीष, पूजा को पुरस्कार से नवाजा गया।