कुल्लू शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर
डोर टू डोर कूड़ा न उठने से लोग परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। मौहल की पिरडी डंपिंग साइट पर विवाद के बाद कुल्लू शहर में सफाई व्यवस्था चरमराने लगी है। दशहरा के सजी अस्थायी मार्केट समेत शहर के कई वार्डों में कूड़े के ढेर लग गए हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
गौर रहे कि नगर परिषद कुल्लू ने शहर को साफ सुथरा रखने के लिए डोर टू डोर कूड़ा उठाने वाली स्कीम चलाई हुई है, लेकिन डंपिंग साइट में उपजे विवाद के बाद यह योजना चरमरा गई है। कई वार्डों से कूडा रोज नहीं उठ रहा है। शहर में सड़क किनारे, कूड़ा पिकिंग प्वाइंटों पर कूड़े के ढेर लगे हैं। शहर में फैली गंदगी से कुल्लू-मनाली के सैर सपाटे को पहुंच रहे पर्यटकों के साथ अस्थायी मार्केट में आने वाले लोगों को परेशान होना पड़ रहा है। शहरवासी राजेश, संजय शर्मा, टेक सिंह, भाग चंद, शेर सिंह, अनिल शर्मा व विशाल ठाकुर ने कहा कि मिनी सचिवालय के बाहर ही कूड़े के ढेर लगे हैं। इन्हें उठाया नहीं जा रहा है। आलम यह कि कूड़े पर लावारिस पशु मुंह मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि ढालपुर के आसपास ही सफाई व्यवस्था बिगड़ गई है। कूड़े के ढेरों से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर परिषद को इस संबंध में उचित दिशानिर्देश दिए जाएं।