पार्किंग स्थलों में वसूली जा रही
मनमानी फीस, प्रशासन बेखबर
30 की 50 और 50 की जगह वसूले जा रहे 100 रुपये
दशहरा उत्सव के दौरान चांदी कूट रहे पार्किंग ठेकेदार
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला मुख्यालय के अधिकतर पार्किंग स्थलों में दशहरा उत्सव के दौरान सजे मेले में वाहन लेकर आने वाले लोगों से मनमानी फीस वसूली जा रही है, जबकि प्रशासन इससे बेखबर है। 30 की जगह 50 और 50 की जगह 100 रुपये फ्लैट वसूले जा रहे हैं। नियमानुसार तय रेट से अधिक पार्किंग फीस नहीं वसूली जा सकती है, लेकिन नप की लापरवाही की वजह से पार्किंग में तैनात कर्मचारी धड्डले से मनमानी फीस वसूल रहे हैं।
कुल्लू दशहरा उत्सव के दौरान सजे मेले का फायदा उठाते हुए पार्किंग ठेकेदारों ने मनमर्जी से पार्किंग फीस में बढ़ोतरी कर दी है। सड़क किनारे वाहन खड़े न कर पाने की वजह से मजबूरी में वाहन चालक पार्किंग स्थलों का रुख कर रहे हैं, लेकिन यहां फीस स्लिप देखकर खूब बहस हो रही है। कर्मचारी भी मांगी गई फीस न देने पर वाहन पार्किंग स्थल से बाहर निकालने को कह रहे हैं। मजबूरी में वाहन चालकों को मांगी गई फीस देनी पड़ रही है, जबकि इस पर नगर परिषद की ओर से कोई चेकिंग नहीं की जा रही है। नगर परिषद कर्मी शिकायत आने पर कार्रवाई का तर्क दे रहे हैं, जबकि नप के अधिकारियों को औचक निरीक्षण कर इस तरह की मनमानी पर रोक लगानी चाहिए। इधर, हर्ष, सुमित, मोहन, विशाल, अंकुश, सुनीता, भोले राम, पूने राम ने बताया कि पार्किंग स्थल में प्रदर्शित बोर्ड के अनुसार फीस नहीं ली जा रही है। मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं। अधिक फीस लेने की बात पर कर्मचारी वाहनों को पार्किंग स्थल से बाहर निकालने की बात कहते हैं। नप और प्रशासन को ठेकेदारों की मनमानी पर रोक लगानी चाहिए। इधर, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी तेज सिंह ठाकुर ने कहा कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। दशहरा उत्सव के दौरान अभी तक इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली है। सभी पार्किंग स्थल में पार्किंग फीस के बोर्ड डिस्पले किए गए हैं।