वामतट मार्ग भूस्खलन के
चलते वाहनों की आवाजाही ठप
जगतसुख में बारिश में बही 15 मीटर बही सड़क
सड़क बहाल करने में जुटा लोक निर्माण विभाग
सीजन के दौरान 15 दिन बंद रहेगी वाहनों की आवाजाही
अमर उजाला ब्यूरो
मनाली (कुल्लू)। विश्व-विख्यात पर्यटन नगरी मनाली से सटे जगतसुख में भूस्खलन के चलते 15 मीटर सड़क बह गई है। जिससे वामतट मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है। इसे पूरी तरह से बहाल होने में दो सप्ताह का समय लगेगा।
लोक निर्माण विभाग मंगलवार सबह से सड़क बहाली के लिए प्रयासरत रहा। लेकिन लगातार हो रही बारिश के चलते कोई कार्य प्रगति नहीं की जा सकी। जगतसुख में पहले से ही सड़क-पुल का निर्माण चल रहा है लेकिन इसके लिए की गई खुदाई से पहले भी यातायात बाधित हुआ था। जिसे समय रहते ठीक कर दिया गया था लेकिन पिछले दो दिनों से हुई मूसलाधार बारिश से सड़क का लंबा हिस्सा बह गया है। अब वाहन वाया नग्गर-पतलीकूहल ही आ जा सकेंगे।
इस संबंध में डीएसपी शेरसिंह ठाकुर ने बताया कि जगतसुख में बाकायदा पुलिस तैनात कर गलती से इस मार्ग से आ जा रहे वाहनों को वापस मोड़ा जा रहा है। पूर्व में इस सड़क मार्ग पर बड़े वाहनों की आवाजाही बंद की गई थी लेकिन अब हुए भूस्खलन से छोटे वाहनों के लिए भी दिक्कतें बढ़ गई हैं।
वहीं लोक निर्माण विभाग के एसडीओ पवन राणा ने बताया कि विभाग पूरी मुस्तैदी से सड़क बहाल करने में जुटा है। बड़े वाहन दो हफ्ते बाद ही आ जा सकेंगे। हालांकि पर्यटन सीजन के चलते छोटे वाहनों को के लिए सड़क को जल्द बहाल करने का प्रयास किया जाएगा।