बंजार (कुल्लू)। बंजार बस अड्डा में एक युवक ने अन्य युवक पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिससे पीड़ित घायल हो गया। जिसे उपचार बंजार अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घटना से मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। जिसे बाद में ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने पकड़ा। शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार सोमवार शाम को 23 वर्षीय लाल सिंह पुत्र सीता राम गांव चैहणी बंजार नए बस अड्डे से होकर कहीं जा रहा था। इस दौरान उसकी टक्कर सामने से आ रहे एक अन्य युवक से हो गई। इस दौरान लाल सिंह ने टक्कर होने पर 23 साल के ही घनश्याम निवासी कोट पलाहच से माफी भी मांगी, लेकिन मामूली टक्कर होने पर घनश्याम उसकी एक न सुनी और लाल सिंह के सिर, हाथ व कमर में तेजधार हथियार से तीन-चार वार कर दिए। इस दौरान लाल सिंह घायल हो गया और बस अड्डे में एकत्रित हुई भीड़ ने उसे उपचार के लिए बंजार अस्पताल ले गई। जहां उसकी हालत सामान्य बनी है। वहीं, हमलावर को लोगों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले किया। अपेक्षाकृत शांत रहने वाली बंजार घाटी में हुई इस वारदात के बस अड्डे में लोगों में अफरा तफरी मच गई। मामले की जांच कर रहे बंजार थाना के एएसआई बृज लाल ने बताया कि हमले में घायल हुए लाल सिंह का उपचार बंजार अस्पताल में करवाया गया है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 341, 324, 506 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। एएसपी कुल्लू एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि की है।