कुल्लू। सूत्रधार कला संगम संस्था ने शनिवार को जीटीवी के शो सारेगामापा लिटिल चैंप के मैगाराउंड में पहुंचने वाली कुल्लू की पायल ठाकुर के सम्मान में सरवरी में एक समारोह का आयोजन किया। सम्मान समारोह की अध्यक्षता सूत्रधार संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने की। इस दौरान पायल ठाकुर को संस्था की ओर से प्रशस्ति पत्र तथा हारमोनियम भेंट किया गया।
पायल ठाकुर पांच सालों से अकादमी में संगीत की शिक्षा पंडित विद्यासागर शर्मा से हासिल कर रही है। संस्था के अध्यक्ष दिनेश सेन ने कहा कि यह संस्था के लिए गौरव की बात है कि सूत्रधार अकादमी की प्रशिक्षु ने ऊंचे स्तर पर पहुंचकर कुल्लू जिला का नाम रोशन किया है। संस्था की ओर से पायल ठाकुर को भविष्य में पूरा सहयोग किया जाएगा। पायल के कामयाबी से संस्था के दूसरे प्रशिक्षुओं को भी प्रेरणा मिली है। उन्होंने पायल को हारमोनियम भेंट किया है। जिससे यह अपनी संगीत का रियाज कर सके। संस्था जिला प्रशासन से पायल ठाकुर को सम्मानित करने की मांग रखेगी। वहीं सम्मान समारोह में सूत्रधार के कलाकारों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। लोक गायक लाल सिंह और आरती ने भी शानदार प्रस्तुति दी। इस दौरान पायल के पिता तेविंद्र कुमार ठाकुर, माता सुनीता ठाकुर, संस्था के वरिष्ठ उपाध्यक्ष यनिंद्र कपूर, उपाध्यक्ष विरेंद्र सिंह, प्रेस सचिव राजेश शानू, अकादमी प्रभारी तिलक राज, वित्त सह सचिव जोगेंद्र ठाकुर, लोकनृत्य सह प्रभारी माधवी कौशल, नाटक सहप्रभारी केतन वर्मा और प्रबंधक उत्तम चंद आदि मौजूद रहे।