अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/मनाली/कोकसर। जिला कुल्लू और लाहौल में एक बार फिर से बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। रोहतांग दर्रा में रातभर बर्फबारी का दौर जारी रहा, जबकि कुल्लू और मनाली समेत निचले इलाकों में सुबह से तेज बारिश होने से कड़ाके की ठंड पड़ गई है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
जानकारी के अनुसार रोहतांग दर्रा में 45 सेंटीमीटर ताजा बर्फ रिकॉर्ड की है। सोलंगनाला में 15, कोकसर में 25, जलोड़ी दर्रा में 20 और जिला मुख्यालय केलांग में 10 सेंमी बर्फ होने की सूचना है। घाटी में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है और जिला में 36 सड़कों पर बसों की आवाजाही प्रभावित हो गई है। इसमें एक दर्जन सड़कें पहले से ही बंद पड़ी हैं। यह हाल जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति का भी है। दो माह से बंद चल रहे हाईवे-305 के कारण बाह्य सराज के लोगों को भारी परेशान होना पड़ रहा है। शिवरात्रि उत्सव के चलते बंजार से लेकर मनाली तक नौकरीपेशा लोगों, छात्रों को आवाजाही में परेशानी हो रही है। शनिवार को भी कई लोग छह फीट बर्फ के बीच जलोड़ी दर्रा होकर गए। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने बताया कि शनिवार को जिला में सुबह से लगातार बारिश तथा ऊंचे क्षेत्रों पर बर्फबारी हो रही है। कहा कि जिला में फोरलेन हाईवे का कार्य प्रगति पर है और बारिश के कारण जगह-जगह भूस्खलन और पत्थर गिरने की आशंका बढ़ गई है। उन्होंने स्थानीय निवासियों और सैलानियों को अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों की ओर न जाने तथा देर रात वाहन न चलाने की सलाह दी है।