सैंज ( कुल्लू)। सीएचसी सैंज में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चल रहा क्रमिक अनशन अब आंदोलन का रूप ले रहा है। संघर्ष समिति सैंज के बैनर तले चलाए जा रहा क्रमिक अनशन के पांच दिन बाद भी प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने कोई कदम नहीं उठाया है। घाटी की जनता की डॉक्टरों के खाली पदों और सीएचसी सैंज में रात्रि सुविधाएं प्रदान की मांग के बावजूद सरकार नहीं जागी है। इसको लेकर संघर्ष समिति ने रोष प्रकट किया है। लोगों में भी सरकार व विभाग के प्रति रोष है।
धाऊगी पंचायत समिति सदस्य मीरा कुमारी भी शुक्रवार को अनशन स्थल पर पहुंची। उन्होंने सैंज में चल रहे क्रमिक अनशन का समर्थन किया तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया। सैंज संघर्ष समिति के प्रधान महेश शर्मा ने कहा कि सैंज सीएचसी में बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के विरोध में ग्रामीणों के साथ अनशन किया जा रहा है। लेकिन सरकार उनकी बात को सुनने के लिए तैयार नहीं है। सैंज की जनता के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है। स्वास्थ्य सुविधाओं के अभाव में मरीजों को 50 किलोमीटर दूर कुल्लू अस्पताल जाना पड़ रहा है। यहां की समस्याओं से बंजार के विधायक सुरेंद्र शौरी भली भांति परिचित है। इसके बावजूद सरकार व बंजार के विधायक अपना अड़ियल रवैया अपनाए हुए हैं। अनशन को समाप्त करने के लिए सरकार और विभाग कि तरफ से अभी तक कोई भी पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि समिति के हौसले बुलंद हैं। जब तक उनकी बात को नहीं सुना जाता, वे यहां से पीछे नहीं हटेंगे। इस दौरान सैंज संघर्ष समिति के महासचिव शेरा नेगी, सोशल मीडिया प्रभारी गबिश कुमार आदि मौजूद रहे।