अमर उजाला ब्यूरो
बंजार (कुल्लू)। नगर पंचायत बंजार के साथ सटी ग्राम पंचायत शिकारीघाट के गांव घाट में शनिवार दोपहर बाद हादसे ने बंजार में स्वास्थ्य सुविधाओं की पोल खोल दी। बंजार अस्पताल में लाए गए मरीजों को डॉक्टरों व सुविधाओं के अभाव में बंजार से कुल्लू रेफर करना पड़ा। इससे घायलों के परिजनों में रोष है।
दोपहर बाद जब यह हादसा हुआ तो घायलों को अस्पताल बंजार में लाया गया। डेपुटेशन पर सैंज अस्पताल से आए एकमात्र डॉक्टर को मरीजों की ओपीडी छोड़कर घायलों की मरहम पट्टी करनी पड़ी। घायलों का उपचार करने में अकेले डॉक्टर को मुश्किल हो गई। इससे घायलों का दर्द और ज्यादा बढ़ गया। आखिर में स्थिति को काबू में होता न देख अस्पताल प्रबंधन ने मरीजों को कुल्लू अस्पताल के लिए रेफर करना ही उचित समझा। खाड़ागाड़ वार्ड से कांग्रेस प्रत्याशी दुष्यंत ठाकुर कहा कि स्थानीय विधायक पंचायत के चुनावों में व्यस्त हैं। उनको अस्पताल की हालत भी पता नहीं है।