कलाकेंद्र में गूंजे लोक गीत
समूह नृत्य पेश कर बांधा समां
सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव की चौथी संध्या में हुए विभिन्न कार्यक्रम
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। ढालपुर स्थित ऐतिहासिक कलाकेंद्र में चल रहे 41वें सूत्रधार वर्षगांठ उत्सव 2018 के चौथे दिन प्रतिभागी स्कूली विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम में लोक नृत्य, फिल्म गीत, समूह नृत्य ने खूब समां बांधा। फैशन शो में स्कूल विद्यार्थियों ने रैंप पर जलवा बिखेरा। सांस्कृतिक संध्या में सीएमडी हैवल ग्रुप जितेंद्र ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की।
लोकगीत में आर्केंजल स्कूल रघुनाथपुर कुल्लू ने माए नी मेरिए, हिमालयन कॉनिफर पब्लिक स्कूल बुरुआ ने चांदनिया राता रा नजारा, भारत भारती वमापा ढालपुर कुल्लू ने पिया न जा न जा, राजकीय वमापा काइस ने चेलरू बाशदा, डीएवी स्कूल मनाली ने जुग जिया धारा रे, राजकीय कन्या वमापा सुल्तानपुर कुल्लू राम्बड़े ध्याड़े गीत गाकर प्रस्तुति दी। फिल्म गीत वर्ग में हिमालयन कॉनिफर पब्लिक स्कूल बुरुआ समझावां, भारत भारती वमापा ढालपुर कुल्लू ने कोरा कागज, अकादमिक हिल्स पब्लिक स्कूल वर्कशॉप गदौरी रोड कौन तुझे, डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली ने सूफी गाना, रावमापा छात्र ढालपुर ने ऐ मेरे हमसफर पेश कर दर्शकों की वाहवाही लूटी। लोक नृत्य में डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली, अरूणोदय वमापा मौहल, राजकीय कन्या वमापा सुल्तानपुर कुल्लू ने शानदार प्रस्तुति दी। फैशन शो में किडजी प्रीस्कूल लोअर बदाहल कुल्लू, अकादमिक हिल्स पब्लिक स्कूल वर्कशॉप गदौरी रोड व डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली के विद्यार्थियों ने रैंप पर जलवे बिखेरे।
प्रिंस सूत्रधार द्वितीय चरण में मूक अभिनय में डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली व राजकीय वमापा काईस के प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुति दी। प्रिंसेस सूत्रधार द्वितीय चरण समूह नृत्य में हिमालयन कॉनिफर पब्लिक स्कूल बुरूआ, डीएवी पब्लिक स्कूल मनाली, भारत भारती वमापा ढालपुर कुल्लू, कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल मौहल, सत्यामोहन वमापा मौहल, साईं स्टार वमापा ढालपुर, राजकीय वमापा ढालपुर के प्रतिभागियों ने शानदार प्रस्तुति देकर दर्शकों का मनमोहा। इस दौरान संस्था अध्यक्ष दिनेश सेन, प्रेस सचिव राजेश शानू और अन्य मौजूद रहे। वहीं अन्य सभी सदस्यों अपनी तय जिम्मेवारियों के तहत कार्यक्रम को सुचारु रूप से चलाने में सहयोग किया।