रोहतांग में जाम से लाहौल के रूट प्रभावित
एचआरटीसी को लग रहा चूना, यात्री परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। पर्यटन नगरी मनाली से रोहतांग के बीच रोजाना लग रहे जाम से लाहौल के भीतरी मार्ग पर चलने वाली लोकल बस सेवा भी प्रभावित हो रही है। इससे निगम को आर्थिकी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यात्री भी परेशान हो रहे हैं। रोहतांग तक छोड़े जा रहे पर्यटक वाहन लाहौल के लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। मनाली से लेकर रोहतांग तक रोजाना जाम लगना आम हो गया है। पर्यटक वाहन हर कहीं खड़े कर दिए जाते हैं। ऐसे में जाम की समस्या विकराल रूप धारण कर रही है। इसी सिलसिले में जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए लाहौल-स्पीति जिप के चेयरमैन रमेश रूवलवा ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, कृषि, आईटी एवं जनजातीय विकास मंत्री डॉ. राम लाल मारकंडा, वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर तथा कुल्लू प्रशासन को पत्राचार कर लाहौल के लोगों को रोहतांग होकर आवाजाही में निजात दिलाने की मांग की है। जाम ने लाहौल के लोगों को मजबूरन घर आने-जाने के लिए एचआरअीसी की बसें छोड़कर टैक्सियों में सफर करने को विवश कर दिया है। मनाली छोर से रोहतांग टॉप तक जगह-जगह लगने वाले जाम से लाहौल घाटी के लोग बेहाल हो रहे हैं। जाम से निपटने के सभी दावे धरातल स्तर पर फेल होते नजर आ रहे हैं। एचआरटीसी केलांग डिपो के अड्डा प्रभारी गौरी लाल भारती ने बताया कि रोहतांग की तरफ रोजाना जाम की समस्या से निगम को चूना लग रहा है। इससे लाहौल में चलने वाले लोकल रूट भी प्रभावित हो रहे हैं। उपायुक्त लाहौल-स्पीति अश्वनी कुमार चौधरी ने कहा कि वह इस सिलसिले में लगातार कुल्लू प्रशासन के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि जाम से निपटने को लेकर ठोस कदम उठाए जाएंगे।