लारजी स्कूल में पांच दिन पेयजल नहीं
हैंडपंप के पानी से पक रहा मिड डे मील
अमर उजाला ब्यूरो
सैंज (कुल्लू)। राजकीय माध्यमिक पाठशाला लारजी में पांच दिन से पेयजल नहीं मिल रहा है। मजबूरी में स्कूल प्रबंधन को हैंडपंप के पानी से मिड डे मील बनाना पड़ रहा है। बच्चे भी हैंडपंप से ही पानी पी रहे हैं। बिना जांच हैंडपंप का पानी इस्तेमाल करने से बच्चों का स्वास्थ्य बिगड़ सकता है। स्कूल समय में आईपीएच सप्लाई में पेयजल न आने के कारण स्कूल प्रबंधन को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हैंडपंप से ही काम चलाया जा रहा है। जबकि, नल सूखे पड़े हैं। इस संबंध में आईपीएच विभाग के कर्मचारियों को अवगत करवाया जा चुका है, लेकिन इस संबंध में ध्यान नहीं दिया जा रहा है। इससे अभिभावकों में रोष है। स्कूल में 87 बच्चे अध्ययनरत हैं। एसएमसी भी आईपीएच विभाग की अनदेखी पर मुखर हो गई है। एसएमसी प्रधान माध्यमिक निर्मला देवी, एसएमसी प्रधान प्राथमिक सुभाष चंद, बबलू, पिंटू, शारदा देवी, लता देवी, चमेलू देवी, रुकमणी देवी, गुमत राम ने बताया कि पेयजल व्यवस्था न होने के कारण बच्चों को दिक्कतें पेश आ रही हैं। स्कूल प्रबंधन से भी इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने आईपीएच सप्लाई से पेयजल न मिलने की बात कही है। अभिभावकों ने कहा कि यदि जल्द पेयजल समस्या का हल न हुआ तो एसएमसी बच्चों के साथ डीसी के समक्ष पहुंचेगी और शिकायत दर्ज करवाई जाएगी। प्रधान सुभाष चंद और निर्मला देवी ने कहा कि स्कूल में वाटर टैंक हैं लेकिन इसमें पेयजल सप्लाई नहीं मिल रही है। इधर, एसडीओ आईपीएच लारजी अश्वनी ने बताया कि दिन में पेयजल सप्लाई संभव नहीं है। स्कूल प्रबंधन टैंक का इंतजाम करे, रात को सप्लाई से भरपूर पेयजल मिलेगा।