कुल्लू।
कुल्लू से करीब 14 किलोमीटर दूर रायसन के कालगी गांव में एक मकान में आग लग गई। इससे मकान के तीन कमरे जल गए हैं। आग से करीब तीन लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। रविवार रात को लगी आग से गांव में अफरा तफरा मच गई। हालांकि मकान मालिक ने इसकी सूचना अग्निशमन विभाग कुल्लू की दी। वाहनों के मौके पर पहुंचने तक मकान की पहली मंजिल के तीन कमरे धू-धू कर जल गए। कमरों में रखा सामान भी जल गया है। अग्निशमन दल ने मोर्चा संभालते हुए मकान की दूसरी और तीसरी मंजिल के साथ आसपास के अन्य घरों को भी जलने से बचा लिया। विभाग की टीम ने करीब 70 लाख रुपये की संपत्ति बचाई है। अग्निशमन विभाग कुल्लू के अधिकारी दुर्गा दास ने कहा कि आग से रायसन के कालगी गांव के कुलवीर सिंह पुत्र तुले राम के तीन कमरे जल गए। इससे नुकसान करीब तीन लाख रुपये आंका गया है। उन्होंने कहा कि मकान में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मकान के तीनों कमरों में लगे बेड, फर्नीचर, गीजर, दरवाजे, खिड़कियां और अन्य सामान पूरी तरह से जल गया है। एसडीएम कुल्लू डॉ. अमित गुलेरिया ने कहा कि राजस्व विभाग भी नुकसान का आकलन कर रहा है। इसके लिए पटवारी को आदेश कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। प्रभावित परिवार को भी राहत राशि दी जाएगी।
000