जल्द शुरु हो शीतकालीन हेलीकाप्टर सेवा
लाहौल के 11 हेलीपैड में 170 यात्रियों को इंतजार
उड़ान को लेकर सरकार को लिखा है पत्र: डीसी
अमर उजाला ब्यूरो
उदयपुर (लाहौल-स्पीति)। बर्फ के आगोश में बैठे लोग जनजातीय क्षेत्रों के लिए शीतकालीन हेलीकाप्टर सेवाओं को लेकर मांग कर रहे हैं। घाटी के 11 हेलीपैडों में 170 यात्रियों ने कुल्लू जाने के लिए आवेदन कर रखा है। जिन्हें हेलीकाप्टर सेवा की दरकार है। बर्फबारी के कारण लाहौल घाटी शेष विश्व से कट गई है, ऐसे में घाटी से बाहर निकलने का एकमात्र हेलीकाप्टर सेवा ही है।
लाहौल में हेलीकाप्टर का इंतजार कर रहे लोगों में दो मरीज भी शामिल है। सबसे अधिक यात्री स्तींगरी और उदयपुर हेलीपैड में है। इन हेलीपैड के लिए लोगों ने शीघ्र उड़ान किए जाने की मांग की है। वहीं, मतगणना ड्यूटी के लिए कुल्लू आए कई अधिकारी और कर्मचारी भी उड़ान के इंतजार में हैं। लाहौल घाटी के जनप्रतिनिधियों सहित स्थानीय लोगों ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि लाहौल घाटी के लिए शीघ्र हेलीकाप्टर सेवा शुरू की जाए।
मूरिंग पंचायत के प्रधान गणेश लाल, नालडा के सरोज ठाकुर सहित स्थानीय लोग राज कुमार, मनोज कुमार, राजेंद्र लाल तथा रणवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार को जनजातीय क्षेत्रीय के लिए शीतकालीन हेलीकाप्टर सेवा शुरू करनी चाहिए। घाटी के स्तींगरी हेलीपैड से दो मरीज सहित 60 यात्री और उदयपुर हेलीपैड से 52 यात्रियों को हेलीकाप्टर का इंतजार है। उपायुक्त लाहौल-स्पीति देवा सिंह नेगी ने बताया कि नियमित हेलीकाप्टर सेवा को लेकर सरकार के आला अधिकारियों को पत्र लिखा गया है।