सोयल फाट में बच्ची पर झपटा भालू
कुल्लू। खराहल घाटी के सोयल गांव की एक नाबालिग पर भालू ने जानलेवा हमला कर दिया। हमले में 14 साल की शशिकला बुरी तरह से घायल हो गई। घायल को उपचार के लिए कुल्लू अस्पताल लाया गया। जहां से डॉक्टरों ने उसे आईजीएमसी रेफर कर दिया है। लड़की की हालत नाजुक बनी हुई है।
शशिकला के पिता बाला राम के अनुसार शशिकला अपने दो भाई बहन के साथ तांदला जा रही थी। सुबह करीब 9:30 बजे अचानक नाले में तीन भालू आ गए और उस पर झपट पड़े। इस दौरान उसके साथ छोटे दो बच्चों को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। हादसे को किसी को पता भी नहीं चला। काफी देर बाद घायल लड़की को उपचार के लिए कुल्लू लाया गया। उसके खून का रिसाव नहीं रूकने के कारण डॉक्टरों ने उसे आईजीएमसी के लिए रेफर कर दिया। घटना के बाद पूरा परिवार सदमे में है। सोयल पंचायत के पूर्व प्रधान खेख राम ठाकुर ने कहा कि उक्त जंगली भालूओं को पकड़ा जाए। भालुओं के आतंक से रास्तों में चलना फिरना मुश्किल हो गया है। अन्य भी इनकी चपेट में आ सकते हैं। उन्होंने मांग करते हुए कहा है कि पीड़ित परिवार को सहायता राशि मुहैया करवाई जाए। वहीं डीएफओ डॉ नीरज चड्ढ़ा ने कहा कि फील्ड स्टाफ को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पीड़ित लड़की को नियमानुसार सहायता राशि दी जाएगी।