सिविल पेंशनर्स एवं वेलफेयर एसोसिएशन ने की मांग
कहा-चिकित्सा बिलों के भुगतान के लिए उपलब्ध हो बजट
संवाद न्यूज एजेंसी
भुंतर (कुल्लू)। सिविल पेंशनर्स एवं वेलफेयर एसोसिएशन के भुंतर खंड ने सरकार से महंगाई राहत की सभी 16 प्रतिशत देय किस्तों की बकाया राशि का एकमुश्त भुगतान करने की मांग की है। संघ ने सरकार से दशहरा से पहले इसी माह भुगतान करने की अपील की है। बुधवार को आयोजित संघ की मासिक बैठक में पेंशनरों ने लंबित भुगतान सहित विभिन्न मांगों को प्रमुखता से उठाया। बैठक की अध्यक्षता खंड प्रधान योगराज शर्मा ने की।
बैठक में कहा गया कि वर्ष 2016 से 2022 के बीच सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों को संशोधित वेतन का बकाया, ग्रेच्युटी और अवकाश नकदीकरण का भुगतान अभी तक नहीं मिला है। संघ ने प्रदेश कार्यकारिणी से इस मामले को सरकार के समक्ष प्रमुखता से उठाकर पेंशनरों को राहत दिलाने की मांग की।
पेंशनरों ने चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के भुगतान के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध करवाने की मांग भी की। उन्होंने कहा कि कई कार्यालयों में चिकित्सा बिल लंबे समय से लंबित हैं। ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई, जो लंबित बिलों के भुगतान के लिए समय पर बजट उपलब्ध नहीं करवाते हैं। पेंशनरों ने मुख्यमंत्री की ओर से पेंशनरों के लिए की गई घोषणाओं का स्वागत करते हुए आभार जताया। इस दौरान शिक्षा विभाग से सेवानिवृत्त चित्रू देवी ने संघ की सदस्यता ग्रहण की। इस मौके पर उपप्रधान टीकम दासी, वरिष्ठ उपप्रधान महिंद्र डोगरा, जिला वरिष्ठ उपप्रधान गिरधारीलाल डोगरा, जिला महासचिव मोहर सिंह सीस और खंड कोषाध्यक्ष टार्जन शर्मा मौजूद रहे।