आठ माह बाद खुली मनाली-काजा सड़क फिर बंद
पहले ही दिन आधे रास्ते से मनाली लौट आई परिवहन निगम की बस
छोटा दड़ा के पास पानी का बहाव बढ़ने से ठप हो गई आवाजाही
अमर उजाला ब्यूरो
केलांग (लाहौल-स्पीति)। आठ माह बाद बहाल हुई मनाली-काजा सड़क फिर बंद हो गई है। छोटा दड़ा से 4 किमी आगे पानी बढ़ने से सड़क का एक हिस्सा ढह गया है। आठ महीने बाद मनाली-काजा रुट पर शुरू हुई निगम की बस सेवा आधिकारिक तौर पर शुरू नहीं हो सकी। सड़क का हिस्सा ढह जाने से बस को वहीं से मनाली लौटना पड़ा है। निगम के आरएम मंगल चंद मनेपा ने कहा कि छोटा दड़ा के पास पानी का बहाव बढ़ने से मनाली-काजा सड़क का कुछ हिस्सा ढह गया है। कुछ छोटे वाहनों को जबरन पार करवाया गया, लेकिन कुल्लू से काजा की तरफ निकली बस छोटा दड़ा से वापस मनाली आ गई। इसकी रिपोर्ट बीआरओ को दे दी गई है। बर्फबारी के कारण मनाली-काजा मार्ग पिछले साल नवंबर माह में बंद हो गया था। 14 हजार फुट कुंजम दर्रा में सर्दियों में भारी बर्फबारी होने से बर्फ हटाने में बीआरओ को काफी वक्त लगा। इस बार पिछले साल की तुलना में करीब एक माह देरी से मनाली-काजा सड़क मार्ग बहाल हुई है। कुंजम दर्रा देरी से खुलने के कारण इस साल स्पीति घाटी में पर्यटन कारोबार पर प्रतिकूल असर पड़ा है। मनाली में पर्यटन सीजन सिमट गया है, लेकिन काजा मनाली घूमने आए सैलानी नहीं जा सके। जिससे यहां के पर्यटन कारोबारियों को इस बार नुकसान उठाना पड़ा है।