बसों के लिए आज सड़कों पर उतरेंगे ग्रामीण
कराडसू पंचायत के लोग ढालपुर में करेंगे चक्का जाम
एक बस चलने से लोगों में रोष, विद्यार्थी हो रहे परेशान
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू/खराहल। वामतट के स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं के साथ आम लोगों को हो रही परेशानी को लेकर आज कराड़सू पंचायत के ग्रामीण ढालपुर में धरना-प्रदर्शन करेंगे। क्षेत्र के लिए महज एक ही बस चलने से ग्रामीणों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों का कहना है कि सरकारी बसों में उन्हें जगह नहीं मिल रही है। इससे परेशानी हो रही है। उन्हें दस बारह किलोमीटर तक पैदल चलकर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। पंचायत के गांव बिष्ट बेहढ़ कटेई ,पौशणी, मझधारी, राउगी, सोयल, सौर और कोटाधार के स्कूली बच्चे काईस स्कूल के लिए पढ़ने जाते हैं।
यहां से सेउबाग स्कूल करीब दस किलोमीटर दूर है। बस न मिलने से छात्रों को पैदल सफर कर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। इलाके के लोगों का कार्य के लिए मुख्यालय में आना-जाना रहता है। बसें उपलब्ध न होने से ग्रामीणों में सरकार और निगम के प्रति रोष है। ग्राम पंचायत कराडसू के पूर्व प्रधान खेख राम ठाकुर, वार्ड पंच आती देवी, भाग चंद, मोहर सिंह, सुख राम, टेक राम, चमन लाल, कालू राम और प्रेम चंद ने कहा कि इलाके में एसआरटीसी की महज एक ही बस चलने से बस में जगह ही नहीं मिलती है। लोगों ने परिवहन मंत्री और निगम से मांग की है कि क्षेत्र की आबादी देखते हुए कोटाधार रूट पर सुबह और शाम दो समय बसें चलाई जाएं।