अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर-रामशिला हाईवे तीन पर स्थित जिया के पास हो रही वाहनों की पासिंग एक फिर स्कूली बच्चों के साथ सैलानियों के लिए परेशानी बन गई। जिया में मंगलवार को रखी गई पासिंग से सुबह से ही लंबा जाम लगा रहा, जिससे स्कूल की कई बसें दो घंटे तक फंसी रही। इसके अलावा कुल्लू से वापस और मनाली आने वाले सैलानी भी जाम में फंसे रहे।
ट्रांसपोर्ट विभाग की लापरवाही से फंसे बच्चे स्कूलों में देरी से पहुंचे। चार से पांच किलोमीटर तक लगे जाम को देखते हुए स्थानीय युवा ट्रैफिक को बहाल करने के लिए आगे आए। स्थानीय पंचायत के उपप्रधान रूचिन चौहान, ग्रामीण ललित जम्वाल, ज्ञान चंद, मनजीत ठाकुर, अजय राणा, रोहित, रमेश भारती, पुरखू राम, वीरेंद्र ठाकुर, धर्मेंद्र ठाकुर, चमन लाल, चंपा देवी, बबिता, धर्म चंद, गौमती देवी, रेखा देवी, कपिल राणा, ईशान, गौतम, रजत, ओम प्रकाश, रमेश कुमार ने कहा कि जब कभी पासिंग होती तो यहां लंबा जाम लग जाता है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट विभाग को पासिंग कहीं और जगह करवानी चाहिए। यहां पर जाम से निपटने के लिए कोई व्यवस्था नहीं होती है। कहा कि जब विभाग को पासिंग वाले दिन के बारे में पुलिस को सूचना देनी चाहिए, जिससे जाम की समस्या न हो सके। उन्होंने कहा कि भविष्य में अगर इस तरह की लापरवाही ट्रांसपोर्ट विभाग की ओर से की गई तो उन्हें मजबूरन धरना देना पड़ेगा। उधर, एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने कहा कि सूचना मिलते ही पुलिस को मौके पर भेज दिया।