कुल्लू। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में गर्मियों के चलते मरीजों की तादाद अधिक बढ़ गई है। ऐसे में यहां पर मरीजों के लिए वार्ड में ही जगह कम हो गई है। मरीजों को कुल्लू अस्पताल में गैलरी में बैड लगाकर उपचार करवाना पड़ रहा है।
अस्पताल के मेडिसन और अन्य वार्ड मेें दो दर्जन से अधिक मरीजों का उपचार गैलरी में चल रहा है। कुछ मरीजों को नए अस्पताल वाली बिल्डिंग की गैलरी में रखा गया है। क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में 300 बैड की क्षमता है। जिले में भी इन दिनों गर्मियों का असर, बदलते मौसम के प्रभाव के कारण मरीजों की संख्या अधिक हो गई है। सबसे अधिक मरीज मेडिकल वार्ड में हैं। इसके अलावा सर्जरी में भी मरीजों बढ़े हैं। अस्पताल में कम मरीजों को रखने की क्षमता है। संख्या बढ़ने से प्रबंधन के लिए मरीजों को रखना मुश्किल हो रहा। अगर मरीजों की संख्या बढ़ने का यह क्रम लगातार बढ़ता रहा तो अस्पताल प्रबंधन के लिए यह चुनौती बन जाएगी। बताया जा रहा है मरीज अधिक होने से डॉक्टर को राउंड करने में काफी लंबा वक्त लग रहा है। ऐसे में ओपीडी में मुश्किल बढ़ रही। अस्पताल में सोमवार को भी दोपहर तीन बजे के बाद भी राउंड चलता रहा। गौर रहे कि क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में लाहौल-स्पीति, चंबा जिला के पांगी, मंडी जिला के सीमांत क्षेत्रों से भी लोग उपचार को आते हैं। लाहौल-स्पीति के लिए सड़कें बहाल होने से यहां पर मरीज उपचार को आ रहे हैं। दूसरी ओर गैलरी में उपचार करवाए जाने से मरीजों को भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। उधर, इस संबंध में क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. भारत भूषण कटोच ने कहा कि गर्मियों के दिनों में मरीजों की संख्या बढ़ जाती है।