अमर उजाला ब्यूरो
गुशैणी (कुल्लू)। तीर्थन घाटी की शरची पंचायत के पांच गांवों में सैकड़ों की आबादी अंधेरे में रातें बिताने को मजबूर हैं। गांव में पिछले दो दिनों से बत्ती गुल है। शरची पंचायत के बंदल, बुसारी, तलिहार, कोशूनाली, शियासाड़हु, निचला बंदल में बिजली बंद है। ऐसे में यहां के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने इसकी शिकायत बोर्ड से भी की। इसके बावजूद ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। आदर्श शर्मा, घनश्याम, रविंद्र कुमार, हरीश, तिलक राज, चुनी लाल, हेमा देवी, वीना देवी, लता शर्मा, सोनू ने कहा कि पहले एक सप्ताह तक गांवों में बिजली की लो वोल्टेज रही। अब दो दिनों से बिजली बंद है। बंदल का ट्रांसफार्मर खस्ताहाल होने से परेशानी आ रही है। विभाग सब जानते हुए भी कुछ नहीं कर रहा है। इस मामले को लेकर एक सप्ताह पहले ही विभाग को आगाह किया जा चुका था। बिजली न होने से स्कूली बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। बिजली से चलने वाले उपकरण भी शोपीस बन कर रह गए हैं। ग्रामीणों ने चेताया है कि अगर समस्या का समाधान नहीं किया तो मजबूरन ग्रामीणों को बिजली बोर्ड के खिलाफ लामबंद होना पड़ेगा। उधर, इस संबंध में बिजली बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता देवराज ने कहा कि बंदल के ट्रांसफार्मर में बुश पूरी तरह से जल चुके थे, जिससे लाइन बाधित हो रही थी। अब नए बुश लगाए गए हैं। बिजली की आपूर्ति जल्द बहाल की जाएगी।