कुल्लू। प्राकृतिक आपदा के दौरान सतर्कता और सही समय पर उठाए गए कदम कई लोगों की जान बचा सकते हैं। इसी उद्देश्य से माउंटेन फोरम हिमालय (एमएफएच) की ओर से शुक्रवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय शिरढ़ में आपदा जोखिम न्यूनीकरण (डीआरआर) प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 155 विद्यार्थियों ने भाग लिया और आपदा से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के तरीके सीखे।
कार्यक्रम का समन्वय एमएफएच की परियोजना समन्वयक कीर्ति ने किया। प्रशिक्षक बेली राम और योगराज ने विद्यार्थियों को आपदा के दौरान सतर्क रहने, प्राथमिक उपचार और सीपीआर देने का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। मॉकड्रिल के माध्यम से आपात स्थिति में सुरक्षित रहने और बचाव कार्यों की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षकों ने विद्यार्थियों को आपदा के समय घबराने के बजाय सावधानी और सूझबूझ से काम लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के प्रधानाचार्य देवराज ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यार्थियों में आपदा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सुरक्षा संबंधी तैयारियों को मजबूत करना है। संवाद