भुंतर से शिमला के बीच जल्द हेलीटैक्सी सेवा शुरू
डीजीसीए की टीम आज करेगी सर्वे, रिपोर्ट के बाद चलेगी हेलीटैक्सी
शिमला से भुंतर का किराया 4570 रुपये प्रति सीट तय
हेलीटैक्सी सेवा शुरू होने के बाद पर्यटन को लगेंगे पंख
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। भुंतर से शिमला के बीच अप्रैल माह के अंत तक हेलीटैक्सी सेवा शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। डीजीसीए की टीम भुंतर में 11 अप्रैल को सर्वे करेगी। इसके बाद रिपोर्ट मिलने पर सेवा शुरू होगी। हेलीटैक्सी में पवन हंस कंपनी का 11 सीटर हेलीकॉप्टर सेवा देगा।
चंडीगढ़ से आरंभ होने वाली हेलीटैक्सी से कुल्लू-मनाली के पर्यटन को गति मिलेगी। कुल्लू-मनाली स्थित भुंतर एयरपोर्ट के लिए हफ्ते में मंगलवार, वीरवार और शनिवार को हेलीटैक्सी की उड़ानें होंगी। कंपनी ने जीएसटी के साथ शिमला से भुंतर का किराया 4570 रुपये प्रति सीट निर्धारित किया है। हालांकि शिमला से चंडीगढ़ के बीच यह सेवा पिछले माह शुरू हो गई है। पर्यटन सीजन के एन मौके पर भुंतर हवाई अड्डे के लिए सेवा आरंभ होने से देश-विदेश के सैलानियों को लाभ मिलेगा। होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश के हवाई अड्डों के लिए ज्यादा से ज्यादा उड़ानें होने से पर्यटन कारोबार को पंख लगेंगे। एयरपोर्ट अथॉरिटी और हेलीटैक्सी कंपनी को चाहिए कि वह समय रहते इस सेवा को शुरू करे। उधर, भुंतर एयरपोर्ट अथॉरिटी के निदेशक प्रभाकर मिश्रा ने कहा कि वीरवार को डीजीसीए की टीम भुंतर-शिमला रूट का सर्वे करेगी। उन्होंने कहा कि इस माह के अंत तक हेलीटैक्सी सेवा शुरू होने की संभावना है।