टीचर होम कमेटी ने नवाजे मास्टर गेम्स के विजेता
ढालपुर स्कूल में सम्मान समारोह आयोजित, पुलवामा हमले के शहीदों को दी श्रद्धांजलि
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल ढालपुर में मास्टर गेम्स एसोसिएशन के मेडल विजेताओं के लिए सम्मान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। टीचर वेलफेयर एवं टीचर होम कमेटी कुल्लू की ओर से आयोजित कार्यक्रम में प्रधानाचार्य प्रेम ठाकुर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
सम्मान समारोह से सबसे पहले पुलवामा हमले में शहीद हुए सीआरपीएफ के जवानों को श्रद्धांजलि दी गई। गौर रहे कि वानिकी विश्वविद्यालय में जनवरी माह में हुई राज्य स्तरीय मास्टर गेम्स में जिला कुल्लू ओवरआल चैंपियन रहा था। इस प्रतियोगिता में जिला कुल्लू की टीम ने कुल 39 मेडल जीते। इनमें 31 गोल्ड और आठ सिल्वर मेडल जीते हैं। इसमें कुल्लू के 17 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। इसमें किशन लाल, वाणी ठाकुर, रवीन ठाकुर, रवि ठाकुर, हेत राम, प्रवीण ठाकुर, अरविंद कुमार, भूपेंद्र पाल, विजय कुमार, भीम सिंह, खीमी राम, छुणकी देवी, चिंत राम, सरिता देवी, चमना चौहान, रजनी, दीपक, रवि, एंजल, प्रकाश, देवी सिंह और कश्मीर ठाकुर शामिल थे। इन्हें टीचर होम कमेटी ने सम्मानित किया। टीचर वेलफेयर एवं टीचर होम कमेटी कुल्लू के अध्यक्ष श्याम लाल हांडा ने कहा कि मास्टर गेम्स एसोसिएशन कुल्लू के कार्यों को सराहा और आशा व्यक्त की कि इनसे प्रेरणा लेकर खिलाड़ी आगे बढ़े। इन्हें देहरादून में होने वाली नेशनल मास्टर गेम्स के लिए शुभकामनाएं दी। प्रधानाचार्य प्रेम ठाकुर ने टीचर होम कमेटी के इस कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से खिलाड़ियों का हौसला बढ़ता है। समाज में कुरीतियों को दूर करने में सहायता मिलती है। इस दौरान टीचर होम कमेटी के प्रेस सचिव जीत राम, टीचर होम कमेटी के महासचिव करतार ठाकुर, मुख्य सलाहकार सुंदर श्याम, कुलदीप शर्मा, टेडी सिंह, कुसुम लता, रोहित मेहता, अमित कौंडल, केडी महंत, बहादुर सिंह, जवाहर ठाकुर आदि मौजूद रहे।