अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। कुल्लू कॉलेज गेट के पास वीरवार को दो गुटों में झड़प हो गई। घटना में एक विद्यार्थी बीच बचाव करते हुए घायल हो गया। उसके सिर पर किसी ने डंड से हमला कर दिया। घायल छात्र का क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू में उपचार करवाया गया। इस संबंध में पुलिस में मामला दर्ज नहीं हुआ है। कॉलेज में अध्ययनरत विद्यार्थियों में घटना के बाद हड़कंप मचा हुआ है।
वीरवार दोपहर को कॉलेज गेट पर कुछ विद्यार्थी और आउटसाइडर आपस में किसी बात को लेकर उलझ गए। दोनों गुटों में विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक आ गई। इसके बाद दोनों गुटों में खूब धक्कामुक्की हुई। झड़प में घायल हुआ विद्यार्थी बीच बचाव कर रहा था। इस दौरान एक युवक ने आकर डंडे से उसके सिर पर हमला कर दिया। इससे वह घायल हो गया। इसके बाद झगड़ा शांत हो गया। घायल छात्र को कुल्लू अस्पताल लाया गया। उधर, इस संबंध में राजकीय महाविद्यालय कुल्लू के प्राचार्य डॉ नंदलाल शर्मा ने कहा कि कॉलेज कैंपस के अंदर झगड़ा नहीं हुआ है, बल्कि कॉलेज गेट के पास दो गुट आपस में भिड़ रहे थे। कहा कि विद्यार्थी की ओर शिकायत मिलने पर शरारती तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। वहीं इस संबंध में पुलिस अधीक्षक शालिनी अग्निहोत्री ने कहा कि कॉलेज के विद्यार्थियों में हुई मारपीट को लेकर मामला दर्ज नहीं हुआ है। हालांकि मामले में हॉस्टल के विद्यार्थी की शिकायत के आधार पर रपट लिखी गई है।
बलदेव