प्रभावितों का दर्द बांटने कटागला-छलाल पहुंचा प्रशासन
डीसी ने जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से प्रभावितों को दिए 10-10 हजार के चेक
चार पुलियों के निर्माण के लिए राशि का प्रावधान करने की घोषणा
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू में इस बार बीते एक माह में कई जगहों पर बादल फटने की घटनाएं हुई। इससे सरकारी व निजी संपत्ति को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ है। जिला प्रशासन ने रविवार को संबंधित विभागों की टीम के साथ पार्वती घाटी के कटागला व छलाल गांव का दौरा किया और प्रभावित लोगों की समस्याओं का मौके पर निपटारा किया।
अधिकारियों के साथ पैदल कटागला गांव पहुंचे उपायुक्त ने कहा कि सभी प्रभावित परिवारों को नियम अनुसार मुआवजा दिया जाएगा। घराटों के नुकसान पर भी दस हजार रुपये तक मुआवजा दिया जाएगा। उपायुक्त ने कटागला, छलाल और रशोल के 54 प्रभावित लोगों को मौके पर ही जिला रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से दस-दस हजार रुपये के चेक प्रदान किए। उपायुक्त ने बताया कि मकानों के पुनर्निर्माण के लिए वन विभाग प्रभावितों को प्राथमिकता के आधार पर टीडी का प्रावधान करेगा। कटागला में सोमवार तक बिजली की आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी, जबकि पेयजल आपूर्ति बहाल करने के लिए भी त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने आईपीएच विभाग के अधिकारियों को क्षतिग्रस्त पेयजल योजना की मरम्मत व पुनर्निर्माण का एस्टिमेट तैयार करने के निर्देश दिए। उपायुक्त ने बताया कि कटागला गांव से मलबा हटाने और नाले के पास क्रेटवायर लगाने के लिए स्थानीय ग्राम पंचायत और विकास खंड कार्यालय के माध्यम से राशि का प्रावधान किया जाएगा। नाले की चैनलाइजेशन के लिए भी एक विस्तृत योजना बनाई जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि कटागला और छलाल को सड़क से जोड़ने के लिए पार्वती नदी पर वाहन योग्य बेली पुल का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को वाहन योग्य बेली पुल का एस्टिीमेट तैयार करने के निर्देश दिए। कटागला के बाद उपायुक्त अन्य अधिकारियों के साथ छलाल पहुंचे। उन्होंने छलाल और रशोल के विभिन्न रास्तों पर चार पुलियों के पुनर्निर्माण और मुख्य रास्ते की मरम्मत के लिए राशि देने की बात कही। इस दौरान एसडीएम डॉ. अमित गुलेरिया, डीएफओ कृपाशंकर, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता पीसी वर्मा, बीएमओ डॉ. रणजीत सिंह, आईपीएच विभाग के सहायक अभियंता अवस्थी, अन्य विभागों के अधिकारी, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव वीके मोदगिल और स्थानीय पंचायत उप प्रधान टेहल सिंह भी उपस्थित रहे।