कुल्लू। एनपीएस/सीपीएफ कर्मचारी महासंघ ने उम्मीद जताई है कि प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस पर पुरानी पेंशन बहाली का तोहफा देंगे। संघ के प्रदेशाध्यक्ष नरेश ठाकुर ने कहा कि 2003 के बाद नियुक्त अस्सी हजार सरकारी कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाली की उम्मीद है। 25 जुलाई को शिमला में हुई आक्रोश रैली के बाद मुख्य सचिव ने डीसीआरजी जल्द प्रदान करने का आश्वासन दिया था लेकिन 5 अगस्त को कैबिनेट में भी इस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि पिछले 2 वर्षों से एनपीएस संघ सरकार से पुरानी पेंशन बहाली की मांग कर रहा है। लेकिन, सरकार उनकी मांगों को नहीं सुन रही है। संघ ने 55 विधायकों के माध्यम से अपनी समस्याओं को रखा। राज्य सचिव भरत शर्मा ने बताया कि इन विषयों को लेकर संघ गंभीर है और मांगें न मानने पर कोर्ट का रुख भी कर सकता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने कर्मचारी हितों में बहुत सारे महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिनमें अनुबंध के समय को कम करना सबसे महत्वपूर्ण रहा है। संघ आशा करता है कि कर्मचारियों को जल्द पुरानी पेंशन बहाली का तोहफा मिलेगा।