कुल्लू। देवभूमि विकलांग कल्याण संघ की उपशाखा नग्गर खंड की बैठक रविवार को विकलांग भवन ढालपुर में हुई। अध्यक्षता नग्गर खंड के अध्यक्ष अमर चंद प्रेमी ने की। इस दौरान विकलांगों की समस्याओं पर चर्चा की गई। संघ ने प्रस्ताव पारित कर प्रदेश सरकार ने मांग करते हुए कहा कि 1995 के अंतर्गत बैकलॉग कोटा रह गया है। इस कोटे को 4 प्रतिशत के आधार पर भरा जाए। स्कूलों में अंशकालीन जलवाहक अपनी सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन उन्हें सरकार की ओर से महज 1900 रुपये वेतन दिया जा रहा है। इससे उन्हें परिवार का पालन पोषण करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विकलांग संघ प्रदेश सरकार से मांग करता है कि अंशकालीन जलवाहकों को तीन हजार रुपये वेतन दिया जाए। इसके अलावा स्कूलों में चल रहे अंशकालीन जलवाहकों के पदों को भी जल्द भरा जाए। इस दौरान बंजार ब्लॉक प्रधान मेहर चंद, ईश्वर लाल, विमला देवी, सेना देवी, चुन्नी लाल, मूर्त राम, शीला देवी, झाबे राम, मीरा देवी, धर्मचंद, निहाल चंद, केहर सिंह, कमली, टेक चंद, मोती राम, ऊषा आदि मौजूद रहे।