कुल्लू। भगवान रघुनाथ की नगरी में ढालपुर के साथ जिलाभर में होली उत्सव को धूमधाम से मनाया गया। जिला में दो दिनों तक होली पर्व मनाया और जमकर गुलाल उड़ाया गया, जबकि प्रदेश में होली उत्सव 21 मार्च को मनाया जाएगा। जिला मुख्यालय ढालपुर में बुधवार को लोगों ने एक-दूसरे को रंग लगाया तथा गले मिलकर होली की बधाई दी। पूरा शहर रंगों से रंगा रहा।
जिला मुख्यालय में लोगों व युवाओं की टोलियों ने ढोलक व डीजे की धुनों पर जमकर नृत्य किया। इसमें महिलाओं व युवतियों ने भी हिस्सा लिया। ढालपुर के प्रदर्शनी मैदान में युवाओं ने कुल्लवी नाटी डाली। शहर में जगह-जगह डीजे और ढोल-नगाड़ों की धुन पर होली का जश्न देखा गया। भगवान रघुनाथ के दरबार रघुनाथपुर में बसंत पंचमी से मनाई जा रही होली भी बुधवार को 40 दिनों के बाद संपन्न हो गई है। यहां रघुनाथ के देवालय में सुबह से लोगों को तांता लगा रहा और अपने अधिष्ठाता को होली का रंग लगा कर आशीर्वाद लिया। वैरागी महंतों की टोलियों ने होली गीत गाकर लोगों को भरपूर मनोरंजन किया। लोगों ने भाईचारे को संदेश देते हुए जमकर गुलाल उड़ाया। होली का जश्न सबसे अधिक प्रदर्शनी मैदान में देखने को मिला, जहां सैकड़ों की संख्या में युवक व युवतियों ने डीजे की धुनों के साथ गुलाल उड़ाया। इसके अलावा दशहरा मैदान, रथ मैदान, ढालपुर, सरवरी तथा अखाड़ा बाजार समेत शहर की हर गली, चौक और चौराहों में होली की धूम देखने को मिली। उधर, उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने भी जिला प्रेस क्लब के साथ फूलों की होली मनाई और शहरवासियों को पर्व की बधाई दी। इसके अलावा उन्होंने शहर में अन्य लोगों के साथ भी गुलाल उड़ाया।