अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। सांसद रामस्वरूप शर्मा ने सोमवार को मणिकर्ण घाटी में कई दुर्गम गांवों को जोड़ने वाली दो सड़कों के भूमि पूजन किए। उन्होंने दो करोड़ आठ लाख रुपये की लागत से बनने वाली कियाणी-लपास मार्ग और करीब 2 करोड़ 68 लाख की शैटा जोल-लाशणी सड़क का भूमि पूजन किया।
सांसद ने शैटा जोल में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि शैटा जोल-लाशणी सड़क से ग्राम पंचायत शिल्हीहार और छैउंर के लोगों को सुविधा मिलेगी। भुंतर-मणिकर्ण सड़क को भारत माला परियोजना के अंतर्गत लाया गया है और इसके चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण के लिए 450 करोड़ के बजट का प्रावधान किया गया है। इसके लिए भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया आरंभ कर दी गई है। उन्होंने कहा कि कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए पिछले साढे़ चार वर्षों के दौरान सांसद निधि से डेढ़ करोड़ से अधिक राशि दी गई है। इस अवसर पर पूर्व सांसद महेश्वर सिंह ने रामस्वरूप शर्मा का स्वागत किया और लोगों को कुल्लू विधानसभा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। भाजपा के जिला अध्यक्ष भीमसेन शर्मा, मंडल अध्यक्ष विजेंद्र सेन और जिला परिषद सदस्य हितेश्वर सिंह ने भी जनसभा को संबोधित किया। इससे पहले रामस्वरूप शर्मा ने बाढ़, भूस्खलन से प्रभावित गांव कटागला का दौरा किया और विभिन्न पुनर्वास कार्यों के लिए सांसद निधि से पांच लाख रुपये का प्रावधान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रभावित गांववासियों के पुनर्वास और नाले के तटीकरण का मामला प्रदेश व केंद्र सरकार के समक्ष उठाया जाएगा।