सीतापुर पुलिस के खिलाफ सीनियर बार एसोसिएशन ने किया प्रदर्शन
- अधिवक्ताओं के खिलाफ की गई कार्रवाई की घोर निंदा
- मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा
अमर उजाला ब्यूरो
स्वार। सीतापुर में पुलिस द्वारा अधिवक्ताओं के साथ अभद्र व्यवहार और एनएसए की कार्रवाई किए जाने के विरोध में सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन ने घोर निंदा करते हुए सीतापुर पुलिस के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपा। ज्ञापन में वकीलों के खिलाफ की गई कार्रवाई को वापस लेने के साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किये जाने की मांग की है।
सोमवार को सीनियर बार वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बार सभागार में बार अध्यक्ष गुरनाम सिंह संधू की अध्यक्षता में हुई। जिसमें सीतापुर पुलिस द्वारा वकीलों के विरुद्ध एक पक्षीय कार्रवाई व गिरफ्तारी का विरोध करते हुए घोर निंदा की गई। जिसके बाद अधिवक्ता एकत्र होकर सीतापुर पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उपजिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और एसडीएम लालता प्रसाद शाक्य को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। जिसमें कहा गया कि सीतापुर के एसपी ने वकीलों के साथ अभद्रता कर एनएसए की जो कार्रवाई की है उससे अधिवक्ताओं में रोष है। ज्ञापन में सीतापुर पुलिस द्वारा वकीलों के खिलाफ की गई कार्रवाई को वापस लेने के साथ ही दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। इस दौरान बृज किशोर दिवाकर, अथर, फईम, सुंदरलाल, महबूब अली, विक्रम सिंह, फरहत खां, एम अय्यूब, महेंद्रनाथ गोस्वामी, हरस्वरुप आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।