अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। एक सप्ताह साफ रहने के बाद अब फिर से मौसम कुल्लू घाटी के लोगों को सता सकता है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दिनों तक मौसम खराब रहेगा। ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश होने के आसार हैं। उपायुक्त यूनुस ने कहा कि चोटियों पर बर्फबारी और निचले क्षेत्रों में बारिश की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 से 12 नवंबर तक अलर्ट जारी किया है।
बर्फबारी, बारिश से जिलावासी विशेष कर ऊंचे क्षेत्रों में रहने वाले लोग एवं पर्यटक मुश्किल में न फंसे, इसके लिए एहतियात बरतने को कहा गया है। कुल्लू मनाली में बर्फ का दीदार करने वाले पर्यटकों से भी आह्वान किया गया है कि वे बर्फबारी के दौरान ऊंची पहाड़ियों की ओर न जाएं। प्रशासन ने तीन दिन मौसम खराब रहने के कारण अलर्ट जारी किया है। गौर रहे कि एक सप्ताह पूर्व भी कुल्लू व लाहौल में बर्फबारी और बारिश के कारण लोगों को दो दिन परेशानी का सामना करना पड़ा था। कुछ पर्यटकों को रोहतांग टनल व लाहौल से रेस्क्यू कर कुल्लू पहुंचाया गया था। रोहतांग दर्रा भी बर्फबारी के बाद यातायात के लिए बंद हो गया था। मौसम विभाग ने जिले में 10 से 12 नवंबर को बारिश और बर्फबारी की चेतावनी जारी की है। इसको देखते हुए जिलावासी विशेष कर ऊंचे क्षेत्रों में रहने वाले लोग एवं पर्यटक एहतियात बरतें और बर्फबारी के दौरान ऊंची पहाड़ियों की ओर न जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की आपदा की स्थिति में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क किया जा सकता है।