स्वार। बायोमीट्रिक मशीनें चालू न होने से नगर क्षेत्र में समय तिथि पर राशन की दुकानें बंद रहने पर उपभोक्ता परेशान हैं। वह राशन व तेल लेने के लिए राशन की दुकानों पर चक्कर लगाने को मजबूर हैं।
नगर क्षेत्र की राशन की दुकानों शासन की मंशानुसार राशन का वितरण बायोमीट्रिक मशीन से किया जा रहा है। छह सितंबर को राशन का वितरण होना था। राशन की दुकानों पर उपभोक्ताओं की भीड़ उमड़ पड़ी, लेकिन राशन की दुकानों पर ताले लटके देख उपभोक्ता इंतजार करते वापस चले गए । अब उपभोक्ता रोजाना राशन की दुकानों का चक्कर काट रहे हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि राशन विक्रेताओं द्वारा उन्हें कोई सूचना नही दी जा रही की राशन का वितरण कब होगा। घर मे राशन न होने से आटा चावल बाजार से लेने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं ने प्रशासन से राशन विक्रेताओं को निर्देशित कर राशन वितरण करने का दिन राशन की दुकान पर चस्पा करने की मांग की है। पूर्ति निरीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि बायोमीट्रिक मशीन में सॉफ्टवेयर अपडेट किया जा रहा है। नगरीय राशन की दुकानों पर 11 सितंबर से वितरण शुरू कर दिया जाएगा।