मणिकर्ण से दिल्ली के बीच चलाई जाए वोल्वो
चंडीगढ़, शिमला व धर्मशाला को भी बसें चलाने की मांग
कुल्लू में परिवहन मंत्री से मिले मणिकर्ण के प्रतिनिधि
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। जिला कुल्लू के दौरे पर आए खेल मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर से शनिवार को पार्वती घाटी के लोग मिले हैं। इन लोगों ने मंत्री से कहा कि मणिकर्ण विश्व प्रसिद्ध पर्यटक स्थल है। यहां सालाना लाखों की संख्या में पर्यटक सैर सपाटे व ट्रेकिंग के पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुविधा के लिए मणिकर्ण से दिल्ली और चंडीगढ़ के लिए बस सेवा शुरू करने की मांग की है।
कसोल पंचायत की प्रधान शांता देवी, मणिकर्ण वैली होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष किशन ठाकुर, पुंथल पंचायत के प्रधान पूर्ण चंद, मणिकर्ण के प्रधान देवा नंद, बरशैणी पंचायत के प्रधान जय राम, उपप्रधान टहल सिंह, हीरा लाल पुजारी, तारा चंद, विजय कुमार, जीवन, नरेश, प्रदीप, कुलदीप और सुधीर ने कहा कि मणिकर्ण व कसोल से कुल्लू डिपो की कोई भी सीधी बस सेवा उपलब्ध न होने के कारण पर्यटकों व स्थानीय लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है। इन लोगों ने जिला मुख्यालय से मणिकर्ण व बरशैणी के लिए बस सेवा, मणिकर्ण से दिल्ली के लिए वोल्वो, मणिकर्ण से शिमला और धर्मशाला के लिए निगम की बस सेवा शुरू करने की मांग की है। परिवहन मंत्री ने पार्वती घाटी के पंचायत प्रतिनिधियों व अन्य लोगों को उनकी मांगों पर गौर करने का आश्वासन दिया है।