कुल्लू। जिला कुल्लू में रेट लिस्ट न लगाने वाले दुकानदारों पर खाद्य आपूर्ति विभाग ने शिकंजा कस दिया है। विभाग ने मनाली, बंजार, भुंतर, कुल्लू के अखाड़ा बाजार, रामशिला, हाथीथान में 56 दुकानों में छापामारी की। इस दौरान रेट लिस्ट न लगाने वाले दुकानदारों से 10 क्विंटल 36 किलो सब्जियां, 90 किलो फल, 77 दर्जन अंडे और 1 क्विंटल पांच किलो मीट-चिकन भी जब्त किया गया है। जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 76 हजार रुपये है। विभाग की दुकानों में छापामारी के बाद दुकानदारों में हड़कंप मच गया है।
खाद्य आपूर्ति विभाग ने रेट लिस्ट न लगाने पर शिकंजा कसने के लिए आनी, बंजार, कुल्लू, मनाली में खाद्य निरीक्षक की अगुवाई में दुकानों में दबिश दी। इस दौरान कुल 56 दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में पाया कि इन दुकानदारों ने सामान बेचने के लिए रेट लेस्ट नहीं लगाई थी। रेट लिस्ट न लगाने पर फल, सब्जियां जब्त की गईं। इसके साथ ही दुकानदारों को आगाह भी किया गया कि दुकानों में सामान की रेट लिस्ट लगाएं अन्यथा कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
इससे पहले भी खाद्य आपूर्ति विभाग ने जिला मुुख्यालय स्थित ढालपुर में रेट लिस्ट न लगाने पर दुकानदारों से सब्जियां जब्त की थीं। जिला खाद्य आपूर्ति विभाग के नियंत्रक शिवराम ने कहा कि रेट लिस्ट न लगाने पर यह कार्रवाई की गई है। दुकानदारों को अब नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नियमों का अनुपालना नहीं करने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।