सूबे में सुरक्षित नहीं महिला व लड़कियां
कुल्लू कॉलेज की एसएफआई इकाई ने किया प्रदर्शन
कहा-हमीरपुर के निजी कॉलेज के खिलाफ हो कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
कुल्लू। छात्र संगठन एसएफआई ने शनिवार को कुल्लू कॉलेज में धरना-प्रदर्शन किया। हमीरपुर के एक निजी कॉलेज की एक छात्रा से हुए दुराचार मामले को लेकर छात्र संघ उग्र हो गए हैं।
एसएफआई के जिला अध्यक्ष अजय बक्शी, सचिव आशीष तथा सुनील ठाकुर ने कहा कि हमीरपुर के निजी कॉलेज के एक शिक्षक ने कॉलेज की छात्रा को पढ़ाने के बहाने घर बुलाया और दुराचार किया। घटना को लेकर जब पीड़ित छात्रा के परिजनों ने एफआईआर दर्ज करनी चाही तो मामला दर्ज करने नहीं दिया गया। इसको लेकर लड़की और उसके परिवार के लोगों पर दबाव बनाया जा रहा है। एक सप्ताह के भीतर प्रदेश में यह चौथी घटना है और लगातार अपराध बढ़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले भाजपा इस तरह के आरोप कांग्रेस सरकार पर लगाते आ रहे थे कि सूबे में महिला व लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं लेकिन अभी तक प्रदेश में भाजपा सरकार को बने दो माह का भी समय नहीं हुआ है कि अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। एसएफआई ने कड़ा विरोध जताते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार से ठोस कदम उठाने और हमीरपुर की घटना पर आरोपी शिक्षक के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। इस मौके पर राहुल, सुनील, मनोज, अर्चना, मोनिका, अनु और शिवानी आदि छात्र कार्यकर्ता उपस्थित रहे।