कुल्लू। बंजार विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आदित्य विक्रम सिंह और भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र शौरी की सीधी जंग में मतदाताओं ने भी खूब रूचि दिखाई है। यहां कुल्लू जिला के अन्य विस क्षेत्रों के मुकाबले अधिक मतदान हुआ है। मतदाताओं को भी दोनों के बीच की टक्कर खूब भाई है। टक्कर को देखते हुए बंजार के जागरूक मतदाता घर से मतदान को निकले। बंजार विस क्षेत्र में 80.37 फीसदी मतदान दर्ज किया गया है। जिससे राजनीतिक पंडित भी अचंभे में है। अधिक मतदान के कई मायने निकाले जा रहे हैं, लेकिन इन मायनों का सही खुलासा 18 दिसंबर को मतगणना के बाद ही होगा। बंजार विस क्षेत्र में इस बार भाजपा व कांग्रेस दोनों ने नए चेहरों पर दांव खेला है। जबकि दोनों ही युवा भी हैं। जिसके चलते दोनों के बीच कांटे टक्कर होना बताया जा रहा है। संगठनात्मक तौर पर कांग्रेस ने एकजुटता दिखाई है और टिकटार्थी के पक्ष में काम किया है। जबकि भाजपा में अंदरखाते सब ठीक नहीं रहा है। जिसका चुनाव नतीजों पर क्या प्रभाव पड़ता है, यह मतगणना के बाद ही स्पष्ट होगा। सुरेंद्र शौरी वर्तमान में जिला परिषद सदस्य हैं। जबकि आदित्य विक्रम सिंह भी जिप चुनाव लड़ चुके हैं। उनके पिता बंजार से विधायक व पूर्व मंत्री रह चुके हैं। जिनकी राजनीतिक विरासत उन्हें मिली है। दोनों ही युवाओं की चुनावी जंग में मतदाताओं की रूचि ने मुकाबला और रोचक बनाने के संकेत दिए हैं। इस विस क्षेत्र में एक अन्य बसपा उम्मीदवार भी मैदान पर हैं। उधर, कुल्लू में चार प्रत्याशियों के लिए 75.78 प्रतिशत, जबकि मनाली में भी चार प्रत्याशियों के लिए 79.40 प्रतिशत और आनी के तीन प्रत्याशियों के लिए 76.62 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान करने में रूचि दिखाई है।