खुड़ीजल देवता के पास पहुंचे देवी-देवता।
- फोटो : अमर उजाला
कुल्लू। देवता खुडीजल के देवालय की प्रतिष्ठा में हवन और पूजा पाठ का दौर जारी है। इसी कार्यक्रम के तहत देवता सत्य नारायण के हारियान क्षेत्र गांव बनाला, फनौटी तथा जुहड़ के ग्रामीण 22 अक्तूबर को मंदिर में हवन और पाठ करेंगे। वहीं देवता रावल ऋषि के हारियान 17 अक्तूबर को हवन प्रक्रिया को पूरा करेंगे। इसके लिए सभी गांव के लोगों ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। नौ अक्तूबर से देवता खुडीजल के देहुरी स्थित देवालय में सात पंडितों की उपस्थिति में हवन-पाठ का कार्यक्रम चल रहा है जो करीब डेढ़ माह तक चलेगा।
जिला के सबसे अमीर देवी-देवताओं में शुमार खुडीजल छह गढ़पति है। ऐसे में खुडीजल के खर गांवों के साथ रघुपुर घाटी के सभी गांव के लोग बारी-बारी से हवन यज्ञ की प्रक्रिया को पूरा करेंगे। देवविधि के तहत हो रहे इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर घाटी के लोगों में भारी उत्साह है। इसके लिए मंदिर कमेटी ने देवता खुडीजल के देवालय को विशेष तौर पर सजाया गया है। डेढ़ माह बाद होने वाली पूर्णाहुति में हजारों लोग भाग लेंगे। हारियान खेम राज, रमेश चंद, लाल चंद ठाकुर, किशोरी लाल, गोविंद सिंह तथा हंस राज ने कहा कि देवता नारायण के हरियान क्षेत्र के ग्रामीण 22 अक्तूबर को हवन करेंगे।