बंजार के बठाहड़ में एसटीएफ की टीम अफीम की खेती को नष्ट करने के लिए पहुंची।-विभाग
बंजार/गुशैणी (कुल्लू)। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने शुक्रवार को बंजार की तीर्थन घाटी में अफीम की अवैध खेती पर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब चार बीघा भूमि में उगाई फसल को नष्ट किया।
एसटीएफ को बठाहड़ क्षेत्र के गांव शालिंगचा में अफीम की अवैध खेती की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एसटीएफ कुल्लू की दो टीमों ने मौके पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान निजी भूमि पर करीब चार बीघा क्षेत्र में अफीम की खेती पाई गई। टीम ने मौके से लगभग 1,32,787 अफीम के पौधे बरामद कर नष्ट कर दिए।
एसटीएफ के डीएसपी हेम राज वर्मा ने बताया कि इस मामले में बंजार थाना में दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कहा कि भूमि स्वामित्व की पुष्टि के लिए राजस्व विभाग की मदद से निशानदेही करवाई जाएगी। संवाद