अमर उजाला ब्यूरो
पतलीकूहल/कुल्लू। मार्च माह का दूसरा पखवाड़ा शुरू होते ही पर्यटन नगरी मनाली में पर्यटकों ने भारी संख्या में दस्तक देनी शुरू कर दी है। लिहाजा पर्यटन सीजन को कैश करने के लिए पर्यटन कारोबारियों ने अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। होटलों में भी ऑनलाइन बुकिंग का सिलसिला बढ़ गया है।
मनाली घूमने के लिए आने वाले पर्यटक ऑनलाइन पूछताछ कर रहे हैं। इस बार मनाली में रिकॉर्ड बर्फबारी के चलते देश-वदेश से 50 फीसदी से अधिक सैलानी आने की उम्मीद है। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं।
होटलों में नया रंग-रोगन किया जा रहा है। सर्दियों के मौसम में घर गए स्टाफ मैंबरों को दोबारा काम पर बुलाया जा रहा है। कई होटलों में नया स्टाफ तैनात किया जा रहा है। कुछ होटलों में तो पुराने टीवी, गीजर हटाकर कर नए सेट लगाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं कई होटल संचालकों ने आंतरिक साजो-सज्जा को बढ़ाने के लिए नए रंगीन पर्दे लगाए हैं। कालीन से लेकर फर्नीचर तक बदला जा रहा है। पुराने फर्नीचर को बेचकर नया आधुनिक फर्नीचर कमरों में रखा जा रहा है। टैक्सी वाले भी वाहनों की सर्विस करवाकर नए सिरे से चालक तैनात कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि नए सीजन को लेकर होटलों में ऑनलाइन बुकिंग होनी शुरू हो गई है। उधर, मनाली होटिलियर एसोसिएशन के अध्यक्ष अनूपराम ठाकुर ने कहा कि नए सीजन की तैयारी शुरू हो गई है। सभी अपने-अपने तरीक से नए सीजन में बेहतरीन तरीके से कारोबार करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं।